भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से एक चेतावनी जारी की गई है। इस चेतावनी के आधार पर आरबीआई ने कहा है कि उसकी फर्जी और असली वेबसाइट में अंतर समझें। ऐसी चेतावनी इसलिए दी जा रही है क्योंकि आरबीआई की ओर से यह खबर आयी है कि किसी हैकर ने इसकी फर्जी वेबसाइट बनायी हुई है।
ये है फर्जी वेबसाइट का लिंक
जानकारी के अनुसार रिजर्व बैंक की एक फर्जी वेबसाइट चल रही है। बैंक ने फर्जी वेबसाइट का यूआरएल भी शेयर किया है। रिजर्व बैंक के चीफ जनरल मैनेजर जोस जे कट्टर की ओर से जारी एक बयान में यह कहा गया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने http://www.indiareserveban.org यूआरएल से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की फर्जी वेबसाइट बनाई है। यह वेबसाइट एक दम रिजर्व बैंक की असली वेबसाइट के जैसी दिखती है।
ये है आरबीआई की असली वेबसाइट
फर्जी वेबसाइट के होम पेज पर बैंक वेरिफिकेशन विद ऑनलाइन अकाउंट होल्डर्स नाम से सेक्शन बनाया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि यह कॉलम बैंकिंग ग्राहकों की गोपनीय और पर्सनल डिटेल हासिल करने के लिए बनाया गया है। रिजर्व बैंक ने अपना असली यूआरएल https://www.rbi.org.in भी शेयर किया है।
आरबीआई की सलाह
बैंक की ओर से जारी चेतावनी में यह कहा गया है कि वह कई बार यह स्पष्ट कर चुका है कि ग्राहक के बैंक अकाउंट से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मांगता है। बैंक ने आम लोगों को आगाह किया है कि ऐसी वेबसाइट को ऑनलाइन कोई जानकारी देना उनके लिए वित्तीय तौर पर नुकसानदेह हो सकता है। उनकी दी गई जानकारी का दुरुपयोग किया जा सकता है।
सरकार की ओर से नहीं की गई है कोई कार्रवाई
फर्जी वेबसाइट की जानकारी सामने आने के बाद भी सरकार और सूचना प्रसारण मंत्रालय की ओर से अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। अब तक लाखों लोग इस वेबसाइट पर जा चुके होंगे और हो सकता है कई लोगों को इससे अच्छा खासा नुकसान भी हुआ हो।


Click it and Unblock the Notifications