अमेरिकी और एशियाई बाजारों में गिरावट के चलते आज सेंसेक्स और निफ्टी में भी गिरावट देखी जा रही है। शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 160 अंक यानि 0.5 प्रतिशत गिरकर 33,015 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। तो वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 61 अंक यानि 0.6 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,123 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

अगर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की बात करें तो यहां पर भी खराब प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.3 प्रतिशत गिरा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। तो वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5 प्रतिशत लुढ़का है।
आज के दिग्गज शेयरों में हिंडाल्को, टाटा स्टील, वेदांता, अदानी पोर्ट्स, एचपीसीएल, एसबीआई, यस बैंक और एनटीपीसी 2.3-1.1 प्रतिशत तक गिरे हैं। फिलहाल दिग्गज शेयरों में ही इंडियाबुल्स हाउसिंग, टेक महिंद्रा, ल्यूपिन, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, विप्रो 0.8-0.3 प्रतिशत तक बढ़े हैं।
सबसे ज्यादा बिकवाली मेटल, बैंकिंग, आईटी, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस पावर और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है। बैंक निफ्टी 0.7 प्रतिशत गिरकर 24,266 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।


Click it and Unblock the Notifications