कारोबारी सप्ताह के पहले दिन यानि की सोमवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में सुस्ती नजर आ रही है। बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 58 अंकों की गिरावट के साथ 34,357 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 11 अंक गिरकर 10,553 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

बात करें मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की तो यहां पर भी बिकवाली नजर आ रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स जहां सपाट कारोबार कर रहा है वहीं निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ चल रहा है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स भी सुस्त दिख रहा है।
शेयर बाजार के दिग्गज शेयरों की बात करें तो आईसीआई बैंक, इंफोसिस, हीरो मोटो, कोल इंडिया, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक 1.9-0.75 प्रतिशत तक गिरे हैं। जबकि जी एंटरटेनमेंट, एचपीसीएल, इंडियाबुल्स हाउसिंग, इंडसइंड बैंक, बीपीसीएल, यस बैंक, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारती एयरटेल 2-0.6 प्रतिशत तक चढ़े हैं।
तो वहीं बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज और आईटी शेयरों में भी आज गिरावट का दौर देखने को मिल रहा है। बैंक निफ्टी 0.4 प्रतिशत गिरकर 24,843 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। फिलहाल ऑटो, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और रियल्टी शेयरों में खरीदारी नजर आ रही है।
आज एशियाई बाजारों में भी कुछ खास कारोबार नही हो रहा है। जापान का नेक्केई जहां गिरावट के साथ 22096 के आसपास कारोबार कर रहा है तो वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स 3586 पर थोड़ी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग में भी आज बिकवाली का दौर नजर आ रहा है।


Click it and Unblock the Notifications