नई दिल्ली, अप्रैल 16। सिटी ग्रुप ने एशिया और यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र के 13 बाजारों से अपने रिटेल बैंकिंग कारोबार को समेटने की योजना बनाई है। इन 13 देशों में भारत का भी नाम है। सिटी बैंक ने अपने एक बयान में सिंगापुर, हांगकांग, संयुक्त अरब अमीरात और लंदन के 4 वेल्थ सेंटरों से दोनों क्षेत्रों में कंज्यूमर बैंकिंग फ्रेंचाइजी के संचालन की घोषणा की है।
इन देशों में बंद होगा कारोबार
सिटीग्रुप ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, चीन, भारत, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, फिलीपींस, पोलैंड, रूस, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम में अपनी कंज्यूमर फ्रेंचाइजी कारोबार से बाहर निकलेगा। हालांकि सिटी ग्रुप अपने संस्थागत ग्राहकों को उन मार्केट्स में उत्पाद पेश करना जारी रखेगा, जिनमें प्राइवेट बैंक, कैश मैनेजमेंट और इनवेस्टमेंट बैंकिंग और ट्रेडिंग व्यवसाय शामिल हैं।

सिटी ग्रुप ने बनाई नई रणनीति
सिटी बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन फ्रेजर ने कहा है कि यह बैंक की जारी रणनीति समीक्षा के बाद लिया गया फैसला है। उन्होंने पिछले महीने ही कार्यभार संभाला है। फ्रेजर ने कहा है कि यह हमें मजबूत विकास और आकर्षक रिटर्न पर फोकस करने के लिए वेल्थ मैनेजमेंट बिजनेस जारी रखा जाएगा।
भारत और सिटी ग्रुप का रिश्ता
-1902 में भारत में सिटी ग्रुप ने शुरू किया था परिचालन
-इस वक्त देश में है 35 शाखाएं
-25 लाख से ज्यादा ग्राहक हैं बैंक के
-4000 कर्मचारी करते हैं सिटी ग्रुप के भारत परिचालन में काम
सिटी ग्रुप का इतिहास
सिटी ग्रुप इंक न्यूयॉर्क शहर आधारित एक प्रमुख अमेरिकी वित्तीय सेवा कंपनी है। सिटी ग्रुप का गठन सिटीकॉर्प और वित्तीय समूह ट्रेवेलर्स ग्रुप के विलय के बाद 7 अप्रैल 1998 को हुआ था। सिटी ग्रुप इंक इस वक्त दुनिया की बड़ी वित्तीय सेवा नेटवर्क कंपनियों में से एक है। इसके लगभग 16,000 कार्यालयों दुनिया के करीब 140 देशों में फैले हैं। इस कंपनी के दुनिया भर में लगभग 260,000 कर्मचारी हैं।


Click it and Unblock the Notifications