नई दिल्ली, अप्रैल 13। आज कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को शेयर बाजार में फिर से गिरावट आई। आज लगातार तीसरा दिन रहा, जिसमें शेयर बाजार नीचे आया है। आज की गिरावट से निफ्टी 17500 के नीचे आ गया है। हालांकि आज शेयर बाजार में सकारात्मक शुरुआत हुई थी। करीब सवा 10 बजे तक शेयर बाजार हरे निशान में रहा, मगर उसके बाद ये गिरावट की स्थिति में पहुंच गया। आगे जानिए सेंसेक्स और निफ्टी का हाल।

कितनी आई गिरावट
आज कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 237.44 अंक या 0.41 फीसदी नीचे गिर कर 58,338.93 पर बंद हुआ। ये कारोबार के दौरान 59,003.82 के उच्च स्तर और 58,291.23 के निचले स्तर तक फिसला। वहीं एनएसई का निफ्टी 54.60 अंक या 0.31 फीसदी गिर 17,475.70 पर रहा। आज लगभग 1811 शेयरों में तेजी आई है, 1494 शेयरों में गिरावट आई है और 136 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
सर्वाधिक गिरने और चढ़ने वाले शेयर
निफ्टी पर सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में मारुति सुजुकी, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स और डॉ रेड्डीज लैब्स शामिल हैं। वहीं ओएनजीसी, अपोलो हॉस्पिटल्स, आईटीसी, सन फार्मा और यूपीएल टॉप उछले वाले शेयरों में से रहे। आज रियल्टी, ऑटो और बैंक को छोड़ कर अन्य सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। एफएमसीजी के साथ कैपिटल गुड्स, मेटल और तेल और गैस सूचकांक में से प्रत्येक में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.2 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.27 फीसदी चढ़ा।
सेंसेक्स के टॉप शेयर
बीएसई सेंसेक्स पर टॉप प्रदर्शन करने वाले शेयरों में आईटीसी, सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक रहे। इसी बेंचमार्क इंडेक्स पर टॉप गिरने वाले एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और मारुति सुजुकी इंडिया रहे। इससे पहले कल कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच धातु, ऊर्जा और आईटी शेयरों में भारी नुकसान के कारण भारतीय इक्विटी बाजार लगातार दूसरे सत्र में गिर गया था। कल सेंसेक्स 388 अंक गिरकर 58,576 पर और निफ्टी 144 अंक गिरकर 17,530 पर बंद हुआ था।


Click it and Unblock the Notifications