नयी दिल्ली। शेयर बाजार निवेश के जितने विकल्प मौजूद हैं उनमें सबसे तेजी से पूंजी बढ़ाने वाला ऑप्शन है। यहां जोखिम तो है मगर बावजूद इसके शेयर बाजार से बेहतर रिटर्न कहीं और नहीं मिल सकता। शेयर बाजार एक ऐसी जगह है जहां आप छोटी सी रकम से एक बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। बस इसके लिए आपके पास अच्छे शेयर होने जरूरी हैं। दुनिया के सबसे बड़े और नामी निवेशकों के लिए शेयर बाजार एक शानदार प्लेटफॉर्म साबित हुआ है। भारत में राकेश झुनझुनवाला और वर्ल्ड लेवल पर वॉरेन बफेट जैसे कामयाब शेयर मार्केट निवेशकों ने कामयाबी की मिसाल कायम की है। यहां हम आपको ऐसे 5 जोरदार टिप्स बताएंगे जो आपको शेयर बाजार से कम निवेश में मोटा पैसा कमाने में मदद कर सकते हैं।
इंतजार करना बेकार
अक्सर हम किसी काम के लिए एक खास समय का इंतजार करते हैं, मगर शेयर बाजार में शुरुआत करने के लिए हर समय बढ़िया है। अगर आपको अच्छे शेयर बढ़िया वैल्यू पर मिल रहे हैं तो उन्हें खरीदने से बिल्कुल न हिचकें। एक्सपर्ट कहते हैं कि शुरुआत में आप लार्ज कैप शेयरों में खरीदारी करें। क्योंकि इन शेयरों में नुकसान की उम्मीद कम होती है। दूसरे ये शेयर लंबे समय में वापसी करने में सक्षम होते हैं। शेयर बाजार में शुरुआत से पहले आप फाइनेंशियल सलाहकार की मदद ले सकते हैं।
दूसरों की तरह न करें निवेश
रेस्टोरेंट में कुछ लोग दूसरों की प्लेट देख कर खाने का ऑर्डर करते हैं। मगर ये तरीका शेयर बाजार में बिल्कुल इस्तेमाल न करें। आपके परिचित या करीबी अगर शेयर बाजार निवेशक हैं तो जरूरी नहीं कि आप उन्हें देख कर या उनके चुने हुए शेयरों में ही निवेश करें। इसके लिए आपको अपने स्तर भी रिसर्च करनी चाहिए। अच्छे शेयरों का मतलब है कि वे कंपनी इस लायक हो जो फ्यूचर में तरक्की करेगी। फ्यूचर में तरक्की करने वाली कंपनी ही आपको बेहतर मुनाफा देगी।
कीमत से ज्यादा वैल्यू जरूरी
जानकार बताते हैं कि किसी शेयर की कीमत से ज्यादा उस कंपनी की वैल्यू अहम है। यदि कोई शेयर 70-80 रु की कीमत पर है मगर उसकी वैल्यू बढ़िया है तो वो आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। आपको कंपनी के परफॉर्मेंस पर नजर डालनी होगी। कंपनी की बैलेंस शीट, मुनाफा, टर्नओवर और कर्ज भी देखें। परफॉर्मेंस बेहतर होने पर शेयर बाजार में आने वाली गिरावट से भी आपका पैसा सेफ रह सकता है।
डिविडेंड पर रखें नजर
अक्सर एक्सपर्ट्स कहते हैं कि शेयरों में पैसा लगाने से पहले उन कंपनियों की तलाश करें जो डिविडेंड देती हैं। यानी जिन कंपनियों से नियमित तौर पर डिविडेंड यानी लाभांश मिल रहा है उन कंपनियों को निवेश के लिए चुनें। डिविडेंड देने वाली कंपनी के पास कैश अच्छी मात्रा में होगा। ये निवेश के लिहाज से एक अच्छा पॉइंट है।
कंपनी पर न हो कर्ज
जहां तक हो सके कम से कम या शून्य कर्ज वाली कंपनी का चुनाव करें। असल में कर्ज किसी भी कंपनी के प्लान को खराब कर सकता है। कर्ज जितना कम होगा कैश का दबाव कंपनी पर उतना ही कम होगा। टीसीएस, इंफोसिस और रिलायंस इस मामले में बढ़िया हैं।


Click it and Unblock the Notifications