नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने साफ किया है कि पेट्रोल और डीजल पर फिलहाल टैक्स में कटौती करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। यानी आम आदमी को पेट्रोल और डीजल पर टैक्स की बढ़ी हुई दरों के चलते कोई राहत नहीं मिलने वाली है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोक सभा में कहा है कि दुनिया में ऐसा कहीं नहीं है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें किसी निश्चित अवधि के लिए स्थिर रहती हों। लोक सभा में एक सवाल पूछा गया था कि क्या जीएसटी टैक्स सिस्टम के तहत पेट्रोल और डीजल को लाया जाएगा या नहीं? इस प्रश्न पर सीतारमण ने कहा कि एक तरीके से पेट्रोल और डीजल पहले से ही जीएसटी की शून्य दर कैटेगरी में हैं। इन पर टैक्स रेट जीएसटी काउंसिल को तय करना है। साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में कटौती को लेकर कहा कि वर्तमान में सरकार का ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। इसका मतलब साफ है कि आपको टैक्स के मामले में पेट्रोल और डीजल पर कोई राहत फिलहाल नहीं मिलेगी।

नहीं लगेगा नया टैक्स
हालाँकि सीतारमण ने पेट्रोल और डीजल पर किसी तरह का नया टैक्स लगाने की योजना से इनकार कर दिया है। आपको बता दें कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल पर विभिन्न सेंट्रल एक्साइज और कस्टम ड्यूटी लगाती है। इसके अलावा राज्य सरकारें भी पेट्रोल और डीजल पर अपने स्तर पर टैक्स वसूलती हैं। छोटे किसानों को डीजल पर सब्सिडी देने के सवाल पर केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें विभिन्न स्तरों पर टैक्स लगाती हैं।
कितना होता है टैक्स
आपको बता दें कि पेट्रोल और डीजल पर जो कीमत आप अदा करते हैं उसमें बड़ा हिस्सा टैक्स का ही होता है। एक लीटर पेट्रोल की कीमत में आप 55.5% टैक्स के लिए देते हैं। यानी आधे से ज्यादा दाम केवल टैक्स के लिए चुकाया जाता है। वहीं डीजल पर कुल टैक्स रेट 47.3% है। पेट्रोल और डीजल के मौजूदा भाव की बात करें तो सोमवार को इनकी कीमतों में कोई बदला नहीं आया। दिल्ली में सोमवार को पेट्रोल 74.91 रुपये प्रति लीटर और डीजल 65.78 रुपये प्रति लीटर पर बरकरार है।
यह भी पढ़ें - प्याज से कमाई में तोड़ा रिकार्ड, जानिए कैसे बने करोड़पति


Click it and Unblock the Notifications