
VAT Increase on Diesel : हिमाचल प्रदेश सरकार ने डीजल पर वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। ये बढ़ोतरी अलग-अलग फ्यूल स्टेशनों के अनुसार अलग-अलग होती है। हालांकि राज्य सरकार ने पेट्रोल पर टैक्स में 0.55 पैसे की कटौती की है। इससे पेट्रोल पर लोगों को मामूली राहत मिल सकती है। पर डीजल के दाम बढ़ गए हैं।
कितना महंगा हुआ डीजल
कीमतों में बदलाव के बाद, डीजल पर वैट हिमाचल प्रदेश में अब 4.40 रुपये प्रति लीटर से बढ़ कर 7.40 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा, जिससे राज्य में डीजल की कीमत 3 रु प्रति लीटर बढ़ कर 86 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। फ्यूल की कीमतों में बदलाव उसी दिन किया गया है जिस दिन राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता वाली चार सप्ताह पुरानी हिमाचल प्रदेश कैबिनेट का विस्तार किया गया है और इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह सहित सात मंत्रियों को शामिल किया गया है।
अब कैसी है कैबिनेट
सात सदस्यों को शामिल करने के साथ, राज्य सरकार की कैबिनेट की क्षमता बढ़कर नौ हो गई। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राजभवन में एक सादे समारोह में नवनियुक्त मंत्रियों को शपथ दिलाई। सात विधायकों वाले शिमला जिले को तीन मंत्रियों और एक मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) के साथ कैबिनेट में बड़ा हिस्सा दिया गया है, जबकि बिलासपुर, मंडी और लाहौल और स्पीति को कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। डिप्टी स्पीकर के पद के अलावा, तीन बर्थ अभी भी खाली हैं क्योंकि मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 से अधिक नहीं हो सकती है।
बाकी शहरों में क्या हैं रेट
आज पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई। दिल्ली सहित बाकी महानगरों में रेट कल की कीमतों पर ही बरकरार हैं। दिल्ली में जहां पेट्रोल का रेट 96.72 रुपये प्रति लीटर पर बना रहा, वहीं डीजल का रेट 89.62 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रहा। इसी तरह कोलकाता में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 106.03 रुपये और 1 लीटर डीजल की कीमत 92.76 रुपये प्रति लीटर पर बरकरार रही।
मुंबई और चेन्नई के रेट
मुम्बई में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 106.31 रुपये और 1 लीटर डीजल की कीमत 94.27 रुपये प्रति लीटर पर रही। चेन्नई में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 102.63 रुपये और 1 लीटर डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर पर है।

कैसे चेक करें अपने शहर का रेट
यदि आप अपने शहर के पेट्रोल और डीजल के रेट जानना चाहें तो एसएमएस के जरिए ऐसा किया जा सकता है। अगर आप इंडियन ऑयल के उपभोक्ता हैं तो RSP डीलर कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और एचपीसीएल के उपभोक्ता HPPRICE डीलर कोड लिखकर 9222201122 नंबर पर एसएमएस भेज दें। बीपीसीएल उपभोक्ता RSP डीलर कोड लिखकर 9223112222 नंबर पर भेजें। जहां तक फ्यूल की कीमतें तय होने का सवाल है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें डॉलर की रेट से प्रभावित होती हैं। डॉलर महंगा होगा तो क्रूड खरीदना महंगा होगा और नतीजे में पेट्रोल और डीजल की कीमती बढ़ेगी। पर देश में रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा की जाती है। फिर नए सिरे से रेट तय किए जाते हैं। यह काम देश में पेट्रोलियम कंपनियां करती हैं।


Click it and Unblock the Notifications